खड़गे पुत्र ने बोला भाजपा पर हमला, पसन्द नहीं राष्ट्रीय ध्वज, संविधान, देश की अखण्डता तो पाकिस्तान जा सकते हैं भाजपाई

By: Shilpa Mon, 29 Jan 2024 5:04:30

खड़गे पुत्र ने बोला भाजपा पर हमला, पसन्द नहीं राष्ट्रीय ध्वज, संविधान, देश की अखण्डता तो पाकिस्तान जा सकते हैं भाजपाई

बेंगलुरु। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन के बेटे और कर्नाटक सरकार में आईटी और बीटी मंत्री प्रियांक खड़गे ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें राष्ट्रीय ध्वज, भारतीय संविधान और देश की अखंडता पसंद नहीं है, तो उनके नेता 'अपनी पसंदीदा जगह पाकिस्तान जा सकते हैं।' उन्होंने आगे कहा कि हम भाजपा की साजिशों और रणनीतियों से नहीं झुकेंगे। हम इससे प्रभावी ढंग से निपटेंगे।

भाजपा नफरत फैला रही है

दरअसल, प्रियांक खड़गे कर्नाटक के मांड्या जिले में सरकारी जमीन पर 108 फीट ऊंचे ध्वजस्तंभ पर भगवान हनुमान की तस्वीर वाला भगवा झंडा फहराने और उतारने के मुद्दे पर ये बयान दिया। यह मुद्दा कर्नाटक में सत्ताकाबिज कांग्रेस और विपक्षी भाजपा के बीच नया विवाद बनकर उभर गया है। उन्होंने कहा, “आरएसएस की तरह, आरएसएस द्वारा प्रशिक्षित भाजपा भी राष्ट्रीय ध्वज से नफरत कर रही है। भाजपा तिरंगे का सम्मान करने के बजाय उससे नफरत कर रही है। सरकार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर ध्वजस्तंभ के उद्देश्य को पूरा किया है।”



भाजपा ने खुद को राष्ट्र-विरोधी प्रमाणित कर दिया

उन्होंने आगे कहा कि राष्ट्रीय ध्वज के प्रति नफरत दिखाकर भाजपा ने खुद को राष्ट्र-विरोधी प्रमाणित कर दिया है। भाजपा और संघ परिवार, जिसने तटीय क्षेत्र को अपनी हिंदुत्व प्रयोगशाला बनाया था, अब मांड्या जिले में सक्रिय हो गए हैं और यहां अपना हिंदुत्व प्रयोग शुरू कर दिया है। ऐसा लगता है कि अगर समाज शांतिपूर्ण होगा तो भाजपा को शांति नहीं मिलेगी। भाजपा नेता राजनीतिक लाभ के लिए मांड्या जिले में आग भड़काने के निम्न स्तर पर उतर आए हैं। नेता प्रतिपक्ष का पद एक गरिमामय पद है, लेकिन उनके कार्यों से उनके पद का सम्मान नहीं होगा।

हम WhatsApp पर हैं। नवीनतम समाचार अपडेट पाने के लिए हमारे चैनल से जुड़ें... https://whatsapp.com/channel/0029Va4Cm0aEquiJSIeUiN2i
पढ़ें Hindi News ऑनलाइन lifeberrys हिंदी की वेबसाइट पर। जानिए देश-विदेश और अपने प्रदेश से जुड़ीNews in Hindi

Home | About | Contact | Disclaimer| Privacy Policy

| | |

Copyright © 2024 lifeberrys.com